सौ शय्या अस्पताल में भर्ती महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन देवी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। चकबंदी प्रक्रिया निरस्त कराने के लिए तहसील परिसर में चल रहे किसान आंदोलन के 25वें दिन भूख हड़ताल पर बैठीं भाकियू (किसान) महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुमन शंखवार की तबीयत बिगड़ गई। देर रात सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को भाकियू जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर रहकर आंदोलन की अगुवाई की।
सुमन शंखवार पांच दिन से भूख हड़ताल पर बैठी थीं। कई घंटे उपचार के बाद अब हालत ठीक है। बुधवार सुबह भाकियू जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला और किसान अनार सिंह पाल अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे। पूर्व राज्यसभा सांसद रामबख्श सिंह वर्मा ने आंदोलन स्थल पहुंचकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह भी क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया निरस्त और सहायक चकबंदी अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
25वें दिन अनशन स्थल पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष गौरव यादव एडवोकेट, दिनेश मिश्रा, अभिषेक पाठक, प्रेम चतुर्वेदी, आनंद तिवारी, रॉबिन सिंह सहित कई महिला व पुरुष किसान मौजूद रहे।