मकान में बंद चौकी इंचार्ज श्याम पाल सिंह और सिपाही विष्णु कुमार।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज )। खुबरियापुर ग्रामसभा के मजरा चमन नगरिया में झगड़े की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज और सिपाही को गांव के कुछ युवकों ने बंधक बना लिया। इन्हें मकान में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। चौकी इंचार्ज और सिपाही को मकान में बंद करने की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। ताला तोड़कर चौकी इंचार्ज को बाहर निकाला गया। पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में एक बीएसएफ और सीआरपीएफ का जवान शामिल है। पुलिस ने बीएसएफ के जवान और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को इलाके के चमन नगरिया में सगे भाई शिवकुमार और राजपाल के परिवार के बीच पथराव और मारपीट हो गई। सूचना पर करनौली चौकी इंचार्ज श्यामपाल सिंह सिपाही विष्णु कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मारपीट में गंभीर रूप से घायल शिवकुमार जाटव, इनकी पत्नी मंजू देवी और बेटे विशाल को सौ शय्या अस्पताल भेज दिया। यहां से शिव कुमार और मंजू देवी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल कन्नौज रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि मारपीट करने वाले राजपाल सिंह के घर पर तमंचा है। इस पर चौकी इंचार्ज श्यामपाल सिंह सिपाही विष्णु कुमार के साथ राजपाल के घर पहुंचे। तभी पीछे से कुछ लोगों ने मकान के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर इन्हें बंधक बना लिया। चौकी इंचार्ज ताला नहीं खुलवा पाए तो कोतवाली में जानकारी दी। इस पर प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ताला तुड़वाकर चौकी इंचार्ज व सिपाही को बाहर निकलवाया। कोतवाल ने चौकी इंचार्ज और सिपाही को बंधक बनाने के आरोप में बीएसएफ जवान प्रदीप पुत्र उदयवीर और इनकी पत्नी सोनी को हिरासत में ले लिया। इन्हें कोतवाली लाया गया। सूचना पर सीओ शिव कुमार थापा भी गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। चौकी इंचार्ज श्याम पाल सिंह ने गांव के संजीव, अनिल व प्रदीप पुत्रगण उदयवीर व सोनी पत्नी प्रदीप के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस संबंध में सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।