छिबरामऊ (कन्नौज)। आगामी त्योहार धनतेरस और दीपावली को सकुशल व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस ने मुख्य बाजार स्थित सराफा दुकानों में लगे सीसीटीवी चेक किए। साथ ही बंद कैमरों को सही कराने के निर्देश दिए।
पुलिस ने व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही दुकानों के बाहर भी सीसीटीवी लगवाने के निर्देश दिए। पुलिस ने सर्राफा व्यवसायियों को हिदायत दी कि दुकानों और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और दुकान में पर्याप्त रोशनी व काम करने वाले कैमरों का सही दिशा में रुख सुनिश्चित करें, ताकि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि और दीपावली पर बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ जाती है। ऐसे में अराजक तत्व अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। ऐसे संदिग्ध लोगों पर कैमरों के माध्यम से ही नजर रखी जा सकती है। त्योहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और पुलिस लगातार गश्त करेगी।