सौरिख। राजापुर गांव में मकान से चोर नकदी व जेवर समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए। घर लौटा गृहस्वामी मुख्य गेट में दूसरा ताला लगा देख भौचक्का रह गया। शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कस्बे से सटे राजापुर गांव निवासी मृदुल कुमार ने बताया कि कुछ दिन के लिए जरूरी काम से घर में ताला डालकर बाहर गया था। वह जब घर आया तो मकान के मुख्य गेट में दूसरा ताला पड़ा हुआ था। शिकायत पर पहुंची पुलिस के साथ ताला तोड़कर अंदर जाकर देखा, तो कमरों के अंदर सारा सामान बिखरा था। दो अलमारी, दो बक्से व एक सूटकेस भी खुले पड़े थे।
मृदुल ने बताया कि चोर घर से एक लैपटॉप, एक सोने की जंजीर, दो सोने की अंगूठी, दो पायल, 60 हजार रुपये की नकदी, पीतल के बरतन, दो गैस सिलिंडर व जरूरी कागजात चोरी कर ले गए। पुलिस ने आसपास घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि कई दिन से मकान बंद था। जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।