तालग्राम। जन्माष्टमी पर खगू नगला गांव में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं तब खेलते समय करंट की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
क्षेत्र के खगू नगला गांव निवासी गोपाल का सबसे छोटा पुत्र राघव (सात माह)जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार सुबह सात बजे घर में कूलर के पास खेल रहा था। पिता ने बताया कि तभी बिजली बोर्ड में लगा कूलर का प्लग अनजान होने के कारण खींचने लगा। प्लग का एक तार निकल आने से राघव करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही मासूम अचेत होकर गिर पड़ा।
परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पर्व की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मां राधा और बड़ी बहन कृतिका (7) और बड़ा भाई अमरबाबू (5) समेत परिजन का रो-रोकर हाल बेहाल है। मासूम की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजन ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।