गैस की किल्लत से परेशान दर्जनों उपभोक्ताओं ने गुरुवार को गैस गोदाम के सामने कानपुर-दिल्ली हाइवे पर जाम लगा दिया। गैस एजेंसी मालिक व जिला प्रशासन के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की।
आरोप लगाया कि अफसरों की साठगांठ से बेलगाम होकर गैस एजेंसी संचालक समय से सिलेंडर उपलब्ध कराने में हीलाहवाली बरत रहे हैं। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। तब जाम खुला और वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। बाद में पुलिस की निगरानी में गैस सिलेंडर वितरित किए गए।
कसबे के तिराहा स्थित एसपी गैस के शो-रूम पर तमाम लोगों ने सिलेंडर लेने के लिए बुकिंग कराई थी। गुरुवार को सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ इस्माइलपुर स्थित गोदाम पर जीटी रोड किनारे सिलेंडर लेने के लिए उमड़ पड़ी। गोदाम पर पता चला कि सिलेंडर नहीं हैं। कई दिन से चक्कर काट रहे उपभोक्ताओं ने जब सिलेंडर न मिलने की बात सुनी तो वे भड़क गए। गुस्साए सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ ने हंगामा करते हुए जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
जाम लगने से जीटी रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पाकर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला, एसएसआई राघवन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाबुझाकर शांत कराया। बवाल के बाद गैस एजेंसी के संचालकों की नींद टूटी।
बाद में सिलेंडरों से भरा ट्रक गोदाम पर पहुंचा। यह देख लोग पहले सिलेंडर लेेने के लिए टूट पड़े। इस पर जमकर धक्कामुक्की हुई। अफरातफरी देखकर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस ने लाइनें लगवाकर सिलेंडरों का वितरण शुरू कराया। इस दौरान खींचतान मचती रही तो पुन: सारे सिलेंडर गोदाम के अंदर पहुंचाए गए। इसके बाद एक-एक करके लोगों को क्रमवार बांटे गए।
उपभोक्ता रामजी, शकील अहमद, दिलीप, सुनील, पुनीत, आमिर आदि ने बताया कि वे लोग कई दिनों से गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कोई सही जवाब भी नहीं मिलता है। इस संबंध में एजेंसी प्रबंधक अमित दुबे ने बताया कि दो दिन तक अवकाश रहने के कारण गैस की आपूर्ति नहीं आई। इस कारण समस्या उत्पन्न हो गई।