जेल में बंद चेयरमैन के पुत्र भाजपा नेता सुब्रत पाठक से मिलाई के लिए जाने वाले लोगों की मुलाकात न हो पाने से नाराज सभासदों ने डीएम अनुज कुमार झा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेल प्रशासन पर बंदी से मुलाकात कराने के मामले में मनमानी का आरोप लगाया।
इस पर डीएम ने कहा कि एक दिन में एक कैदी से केवल तीन लोगों की मुलाकात हो सकती है। इसी नियम के तहत मुलाकात कराई जा रही है। मंगलवार को नगर पालिका कन्नौज के सभासद विनय प्रजापति, पवन दुबे, विमला सैनी, विमलेश राजपूत, रेनू वर्मा, पुनीत गुप्ता, चंद्रप्रकाश वर्मा ललइयां, अजयपाल, पवन अवस्थी, राजेश दिवाकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
डीएम को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि जेल प्रशासन मनमानी कर रहा है। चेयरमैन के पुत्र से मिलाई करने के लिए जाने वाले सभासदों को भी रोका जा रहा है, जबकि वह जनप्रतिनिधि हैं। जनप्रतिनिधियों को आम जनता की तरह नहीं रोका जाना चाहिए।
डीएम ने सभासदों की शिकायतें सुनने के बाद बताया कि नियम के मुताबिक एक कैदी से एक दिन में केवल तीन लोग ही मिलाई कर सकते हैं। यह प्रतिदिन हो रहा है।