रोडवेज बस में यात्रा कर रहे एक युवक को नशीली चाय पिलाकर जहरखुरानों ने हजारों रुपये की नकदी व सामान लूट लिया। बस चालक ने उसे रास्ते में उतार दिया। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और उसे घर ले गए।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के हंसापुर गांव निवासी शिवशंकर (28) पुत्र राम मिलन करीब एक साल से दिल्ली में प्राइवेट नौकरी कर रहा है। मंगलवार शाम वह एक रोडवेज बस से घर आ रहा था। रास्ते में उसके बगल में बैठे युवक ने दोस्ती बनाकर उसे चाय में नशीला पदार्थ दे दिया। बेहोश हो जाने के बाद उसके पास मौजूद 25 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल व कपड़ों व सामान से भरे थैले लूट लिए।
बस परिचालक ने युवक को रास्ते में छोड़ दिया। लोगों की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में कर्मचारियों ने जब युवक की तलाशी ली तो उसके पास एक डायरी मिली, उसमें मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी गई। दोपहर बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शिवशंकर को लेकर घर चले गए।