तिर्वा। तहसील क्षेत्र के हुसैननगर गांव की सरकारी राशन दुकान पर कोटेदार की अनियमितताओं की शिकायत पर पूर्ति विभाग की जांच में दोषी मिलने पर दुकान शुक्रवार को निलंबित कर दी गई है। जांच में यह पाया गया कि कोटेदार पहले कार्डधारकों से मशीन पर अंगूठा लगवाता था और फिर मनमर्जी से राशन का वितरण करता था। इससे उपभोक्ताओं को उचित मात्रा में राशन नहीं मिल पा रहा था।
पूर्ति निरीक्षक अंकित अग्रवाल की जांच में कई कार्डधारकों ने कोटेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। शिकायतों के आधार पर निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर जब सत्यापन किया तो शिकायतें सही पाई गईं। निरीक्षक की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से कोटेदार की दुकान को निलंबित कर दिया। जांच में सामने आया कि कोटेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर राशन का वितरण किया जा रहा था, जिससे पात्र लाभार्थियों को उनका हक नहीं मिल रहा था।
प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि निलंबन के दौरान गांव के कार्डधारकों को राशन प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो। इसके लिए हुसैननगर के उपभोक्ताओं को समीपवर्ती गांव बनगवां के कोटेदार सर्वेश कुमार की दुकान से राशन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है।