तिर्वा। कोतवाली परिसर में शनिवार को थाना दिवस पर डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कस्बे के चर्चित स्व. मन्नी लाल ट्रस्ट से जुड़े विवाद की जांच नायब तहसीलदार को सौंपते हुए तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कोतवाली के बाहर पॉलिथीन का ढेर देखकर भी नाराजगी जताई और नगर पंचायत को पॉलिथीन के प्रयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लागू कराने का आदेश दिया।
थाना दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम के समक्ष स्व. मन्नी लाल द्वारा वर्ष 1958 में स्थापित ट्रस्ट से संबंधित विवाद प्रस्तुत किया गया। ट्रस्ट के अंतर्गत इंद्रा देवी गर्ल्स हाईस्कूल, माता का धर्मशाला सहित कई संपत्तियां आती हैं। हाल के दिनों में इन संपत्तियों को लेकर विवाद गहराने से ट्रस्ट की जमीनों की खरीद-फरोख्त को लेकर होड़ मची है।
थाना दिवस में दो पक्षों ने डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर समाधान की मांग की। शास्त्री नगर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े एक युवक से दुकान का बैनामा कराया है पर कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। दूसरे पक्ष की ओर से ट्रस्ट सदस्य गोविंद गुप्ता ने कहा कि ट्रस्ट की जमीन की बिक्री का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद डीएम ने नायब तहसीलदार अमित पाठक को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पॉलिथीन प्रयोग पर डीएम की सख्ती
कोतवाली के बाहर पॉलीथिन का ढेर देखकर डीएम ने नगर क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा पॉलिथीन के प्रयोग पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पंचायत अधिकारी को छापेमारी कर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। थाना दिवस में कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं, जो सभी राजस्व से संबंधित थीं। इनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर ही कर दिया गया।