कन्नौज। जनपद में खरीफ फसल को लेकर कृषि विभाग ने बुधवार को एक दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को जैविक, गोबर, कंपोस्ट व जीवमृत खाद का प्रयोग करने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जिले के सभी दुकानदारों को चेताया कि किसानों का मोबाइल नंबर अपने रजिस्टर में अंकित करें।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि शरीफपुर स्थित अभी ट्रेडर्स दुकान पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया कि दुकान से किसान सरवन व इंद्रजीत को एक बोरी यूरिया खाद लिए जा रहे थे। इस पर उन्हें रोका और उन्हें जैविक, गोबर, कंपोस्ट व जीवामृत खाद का प्रयोग करने की जानकारी दी।
कहा कि इससे किसानों को बढ़ते रासायनिक उर्वरकों से होने वाले नुकसान को खत्म करने, जैविक उर्वरकों व जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने कृषकों को बताया कि जैव उर्वरक पौधों में वृद्धि कारक हार्मोंस पैदा करता है, जिससे उपज में वृद्धि होती है। इसके उपयोग से मृदा जनित रोगों पर नियंत्रण, सूक्ष्म जीवों में वृद्धि व पर्यावरण की सुरक्षा होती है।
उन्होंने किसानों को मृदा व उर्वरकों को संतुलित अनुप्रयोग पर जोर देने को कहा। उन्होंने किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जनपद के दुकानदारों को चेतावनी दी कि दुकानों पर आने वाले किसानों के मोबाइल नंबर अपने रजिस्टर में अंकित करें, जिससे किसानों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली जा सके।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि जनपद में खरीफ फसल के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। कहा कि 10 हजार 385 मीट्रिक टन यूरिया व 18 हजार 23 मीट्रिक टन फाॅस्फेरस उपलब्ध है।