वाणिज्यकर कार्यालय का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिलाधिकारी ने वाणिज्यकर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इसमें असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल जितेंद्र कुमार पांडेय, वाणिज्यकर अधिकारी सचल दल चंद्र प्रकाश शुक्ला, वाणिज्य कर अधिकारी सचल दल शिवकुमार साहू, वाणिज्य कर अधिकारी खंड-एक अभय कुमार सक्सेना, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर खंड-एक संजीव कुमार निरंजन, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर खंड-दो राम नारायन आनंद, असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर खंड-दो संतोष कुमार, वाणिज्यकर अधिकारी खंड-दो श्रीश मोहन सेमवाल कार्यालय में अनुपस्थित पाए जाने पर सभी का एक दिन का वेतन रोक दिया।
सोमवार को जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने वाणिज्यकर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। भूतल पर स्थित सभागार कक्ष में रसोई गैस, चूल्हा, व अन्य सामान रखा पाये जाने पर नाराजगी जताई। महिला शौचालय में ताला तथा दिव्यांग शौचालय में गंदगी पाए जाने पर उसे खुलवाकर साफ-सफाई कराए जाने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यालय में गोपाल गुप्ता सेवानिवृत्ति वाणिज्यकर अधिकारी की नेम प्लेट लगी पाए जाने पर कड़ा रोष व्यक्त किया। व्यापारी कक्ष, स्टाफ हाल कक्ष में टूटी कुर्सी, अलमारी में गंदगी पाए जाने पर फर्नीचर को दुरुस्त करने के आदेश दिए। डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर खंड 2 के कार्यालय कक्ष में लाइट व ब्लोअर चलता पाए जाने पर अधीनस्थ अफसरों को फटकार लगाई। कार्यालय में उपस्थिति पंजिका को देखा। 29 अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत होने की जानकारी मिली। इसमें सात के गैरहाजिर रहने पर उनका एक दिन का वेतन काटा गया। निरीक्षण के दौरान लेखाकार वाणिज्यकर यादराम पाल, प्रवीण कुमार मौजूद रहे।