कन्नौज। ब्लाक उमर्दा की कई ग्राम पंचायतों में शौचालयों में गड़बड़ी व अधूरे मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अफसरों ने संज्ञान लिया। डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को जांच रिपोर्ट सौंप तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अफसर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अमर उजाला ने आठ फरवरी के अंक में शौचालयों में कहीं भरा सामान तो कहीं गायब सीट की खबर को फोटो समेत प्रकाशित किया था। इसमें ब्लाक उमर्दा की ग्राम पंचायत सत्तसार व पैथाना में गड़बड़ी की पोल करते खबर दी थी। इन गांवों में कई अधूरे शौचालय पड़े थे। इसको लेकर किसी भी विभागीय अफसर ने ध्यान नहीं दिया। अधूरे शौचालय होने पर लोगों को खुले में शौच को जाना पड़ रहा था। इससे जिले के खुले में शौच से मुक्त होने के दावे की पोल खुल रही थी। अमर उजाला में यह खबर प्रकाशित होने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र मिश्रा ने इस मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी पंचायत को सौंपी है। उन्हें तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। साथ कहा कि अगर गांवों में बने शौचालय अधूरे पड़े हैं तो उन्हें शत-प्रतिशत पूर्ण कराकर रिपोर्ट दें। लापरवाही करने वाले अफसरों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही। इसके अलावा उमर्दा विकास खंड की अन्य ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण का सत्यापन करवाया जाएगा।