गुरसहायगंज। मुरादगंज-इंदिरा नगर संपर्क मार्ग पर मंगलवार शाम शादी समारोह में शामिल होकर जा रहे बाइक सवारों को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई और महिला सहित दो लोग घायल हो गए।
फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज के ग्राम ढपलपुर भोजपुर निवासी नयाब अली अपने चाचा बहारुद्दीन अली की पत्नी रीना और चचेरे भाई जुनैद (06) पुत्र अमीनुद्दीन के साथ गुरसहायगंज के चित्तरपुरवा निवासी एजाज के घर सोमवार को शादी समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार शाम को तीनों लोग बाइक से घर वापस जा रहे थे। गुरसहायगंज के मुरादगंज-इंदिरा नगर संपर्क मार्ग पर मवेशी बाजार के निकट सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। जुनैद के सिर में गंभीर चोट लगने पर निजी डॉक्टर के पास ले गए, जहां से उसे फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया, लेकिन फतेहगढ़ में उसने दम तोड़ दिया।