कन्नौज। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के स्वरोजगारियों का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुक्रवार को पूरा होने पर प्रमाण पत्र दिए गए। राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान भारत सरकार द्वारा जारी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र और उद्यम के साथ बाजार व बैंकिंग व्यवस्था की बारीकी से जानकारी पाकर नव उद्यमियों में उत्साह देखने को मिला।
पीएमएफएमई योजना के तहत तैयार हुई नव उद्यमियों की खेप में से 30 उद्यमियों को 24 घंटे का विशेष प्रशिक्षण राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रसंस्करण केंद्र में दिया गया। तीन दिन में पूर्ण हुए इस प्रशिक्षण में सफल उद्यमी बनने के साथ बाजार की चुनौतियों से निपटने व बैंकिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के अंतिम दिन अग्रणी जिला प्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि सफल उद्यमी बनने के लिए बैंक से लेनदेन साफ सुथरा रखना जरूरी है। अब बैंक ऋण के लिए एनओसी नहीं लेतीं, बल्कि ग्राहक के सिविल स्कोर व व्यवहार के आधार पर ऋण मुहैया करा रही हैं।
कुछ लोग क्रेडिट कार्ड से पैसा निकालते हैं और जमा नहीं करते, इससे सिविल खराब होता है। सीसी अकाउंट में समय-समय पर पैसा निकालना व जमा करना क्यों जरूरी है, इसे उन्होंने उदाहरण देकर समझाया। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बैंकिंग संबंधित स्टैंडर्ड पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, जिससे उनको जरूरत के समय ऋण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध होती रहे। कार्यक्रम में जिला भाजपा आईटी सेल प्रमुख अभिषेक कुमार पांडेय लाभार्थियों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर चर्चा की। नव प्रयोग कर सफल उद्यमी बने नजरापुर निवासी शिवपाल सिंह ने उच्च गुणवत्ता के खाद्य उत्पाद मैन्युफैक्चरिंग करके तैयार प्रोडक्ट प्रदर्शन कर सभी को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर प्रभारी राजकीय फल संरक्षण केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह मौजूद रहे।
प्रशिक्षण मूल्यांकन के लिए भराए गए फीडबैक फार्म
प्रतिदिन आठ घंटे के हिसाब से तीन दिन में 24 घंटे के दिए गए प्रशिक्षण का मूल्यांकन करने के लिए प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक फार्म भरवाए गए। अधिकतर प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इससे बहुत कुछ सीखने समझने को मिला है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम नव उद्यमियों को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
-
इनसेट
इन प्रशिक्षणार्थियों को दिए गए प्रमाण पत्र
राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण केंद्र में पीएमएफएमई योजना के तहत तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र पूर्ण करने वाले नव उद्यमी खुशबू, अवधेश कुमार, वेदकुमारी, हरिओम, विकास, सूरजपाल, सतेंद्र कुमार, ईश्वर दयाल, नैंसी सिंह, लवली, कुसुमलता, धर्मेंद्र, रवी कुमार, अमरेश, शिवम यादव, ज्ञानेंद्र, अवनीश, विनोद कुमार, दिलीप राजपूत, शीबू हुसैन को राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान भारत सरकार द्वारा जारी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र सौंपे गए।
-