वित्त मंत्री का ज्ञापन देते अतर एसोसिएशन के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
द अतर एंड पर परफ्यूमस एसोसिएशन ने लखनऊ में वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल को टैक्स में छूट के लिए ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन सचिव ने बताया कि उन्हें वित्त मंत्री की ओर व्यापारियों की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया गया है। उन्हाेंने कहा कि वह अतर व्यापारियों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
यूपी की इत्र राजधानी कन्नौज के इत्र व्यापारी जीएसटी लागू हो जाने के बाद से परेशान है। विदित हो कि इत्र के कई प्रोडक्टों पर 28 फीसदी जीएसटी लागू है। इस संबंध में अतर एसोसिएशन ने केंद्र सरकार को पत्र लिख इत्र पर जीएसटी कम करने की मांग की है। इसी कड़ी में अतर एसोसिएशन ने लखनऊ पहुंचकर वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
कहा कि गुलाब जल, केवड़ा व गुलकंद पर 28 फीसदी टैक्स लागू किया गया है जोकि अभी तक उत्तर प्रदेश में कर मुक्त रहा है। इतना अधिक टैक्स लगने से महंगाई का असर हर जगह दिखाई दे रहा है । उन्होंने मांग की है कि अतर, सुगंधित तेल, गुलाब जल, केवड़ा जल, गुलकंद पर टैक्स घटाकर उसे पांच फीसदी कर दिया जाए। इस मौके पर एसोसिएशन अध्यक्ष ओम प्रकाश पाठक, प्रदीप क पूर मौजूद रहे।
कोट
गुलाब और केवड़ा जल का प्रयोग सुरस के रुप में मिठाई, शर्बत व लस्सी बनाने में किया जाता है। वहीं गुलकंद को पान व घरेलू नुस्खों में प्रयोग किया जाता है। यदि इन पर 28 फीसदी टैक्स वसूला जाएगा तो मिठाई की दुकान से लेकर पान की दुकान तक मंहगाई का प्रचंड असर दिखाई देगा। इसलिए उक्त चीजों को पांच फीसदी टैक्स के अंतर्गत लाने की मांग की है। जिससे आमजन को राहत मिल सके।
पवन त्रिवेदी, सचिव, अतर एसोसिएशन।