फोटो:15: लेखा कार्यालय का निरीक्षण करते सीडीओ राम कृपाल चौधरी। संवाद
सीडीओ के निरीक्षण में अधूरे मिले अभिलेख, सुधार के निर्देश
-सेवा पुस्तिका व अवकाश रजिस्टर अपडेट नहीं, आदेश रजिस्टर नहीं बनाया गया
-छोटी बाउंड्री को हटाकर वाहनों के लिए बनाई जाए पार्किंग
संवाद न्यूज एजेंसी
तेराजाकेट। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ब्लाक कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीय अभिलेखों की गहन समीक्षा में कई महत्वपूर्ण रजिस्टर और अभिलेख अधूरे पाए गए। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए।
सीडीओ रामकृपाल चौधरी को निरीक्षण के दौरान सेवा पुस्तिका में कर्मचारियों के प्रमाण-पत्र अधूरे मिले। साथ ही सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) का अभिलेख पिछले तीन वर्षों से पूर्ण नहीं किया गया था। स्थापना रजिस्टर अधूरा पाया गया और आदेश रजिस्टर नहीं मिला। इसके अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश रजिस्टर भी अपडेट नहीं मिला। इन कमियों पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को शीघ्र अभिलेख पूर्ण करने के निर्देश दिए। क्षेत्र पंचायत के तहत विकास कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि की समीक्षा की गई। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी उमाशंकर साहू को निर्देश दिए कि टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर स्वीकृत धनराशि को गांवों में विकास कार्यों पर खर्च किया जाए। उन्होंने ब्लाक कार्यालय के सामने बनी छोटी बाउंड्री को हटाकर वहां वाहनों के लिए पार्किंग बनाने के लिए जेई आरईएस को निर्देशित किया। उन्होंने सभी कार्यालय पटल पर कर्मचारियों के नाम और पदनाम की पट्टिका लगाने को कहा, ताकि कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही हो सके। इस अवसर पर एडीओ आईएसबी प्रवेश राजपूत, जेई आरईएस अरुणेश रावत सहित विकासखंड के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।