थाना तालग्राम में प्रोजेक्ट आइना के तहत एसपी कलानिधि नैथानी ने वादी व प्रतिवादियों से पुलिस कार्यशैली की जानकारी ली। मारपीट से लेकर हत्या जैसे मामलों के एनसीआर, रिपोर्ट का अवलोकन कर थानाध्यक्ष को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी व शिकायत पर जल्द रिपोर्ट लिखने का थाना पुलिस को निर्देश दिया।
रविवार की दोपहर 3 बजे थाना तालग्राम पहुंचे एसपी ने थानाध्यक्ष रजनेश चौहान के अलावा दीवान रामगिरीश, मुंशी अनिल यादव, नरेंद्र यादव से 2014-15 के अपराध रजिस्टर मंगाकर निरीक्षण किया। उन्होंने बेहटा गांव निवासी रावेंद्र से उनके भाई की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्यवाई के बारे में जाना।
मवईया निवासी मंजेश से भाई की हत्या के खुलासे पर पुलिस कार्यप्रणाली के बारे में पूछताछ की। अन्य मामलों में भी वादियों से पुलिस द्वारा उठाई जा रहे कदमों की जानकारी हासिल की। बेहटा पुलिस चौकी की बाउंड्रीवाल व बिजली कनेक्शन कराने की ग्रामप्रधान व अन्य लोगों ने मांग की।
करीब ढाई साल पहले तालग्राम निवासी एक साल 7 माह के बच्चे अफरोज के अपहरण के मामले में बच्चे की दादी लालैली व मां रूबी ने एसपी से गुहार लगाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। एसपी ने चौकी इंचार्ज व थानाध्यक्ष को अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने को कहा और किसी के दरवाजे पर सिपाहियों को न बैठने का निर्देश दिया।
अपराध नियंत्रण के लिए जनता से मैत्रीपूर्ण व्यवहार करने को कहा। चौकी प्रभारी अमोलर को छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले चचियापुर निवासी आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। इस मौके पर हरनाथ सिंह, सुभाष गुप्ता, सलीमुद्दीन, इरशाद अली, प्रधान नरेश कनौजिया, गुरूप्रसाद, रामनिवास यादव, अमर सिंह, सभासद परवेज, आमिर अंसारी, गोविंद सिसौदिया सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।