डीएम के आदेश पर तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर बनाए गए ब्रेकर।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। सोमवार को बोलेरो की टक्कर लगने से घायल आईटीआई छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पीड़ित परिजनों ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सदर कोतवाली के मित्रसेनपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र जगतनरायण की पुत्री सोनी बेहरिन स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की छात्रा थी। स्कूल से वापस घर आते समय तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर अनियंत्रित बोलेरो ने टक्कर मार दी थी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आईटीआई छात्र-छात्राओं ने तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया था। गंभीर हालत में उसे कानपुर रेफर कर दिया गया था। यहां से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की जानकारी लगते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बोलेरो चालक पर मुकदमा दर्ज किया है।
छात्रों की मांग पर तैयार हुआ स्पीड ब्रेकर
नजरापुर(कन्नौज)। कन्नौज-तिर्वा मार्ग पर सोमवार सुबह बोलेरो की टक्कर से घायल हुई आईटीआई छात्रा के मामले में हंगामे के बाद लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार को स्पीड ब्रेकर का निर्माण करा दिया। उधर, तिर्वा तहसील दिवस में जाते समय डीएम ने रुककर पुलिस से पूरे मामले की जानकारी ली। आईटीआई के आसपास फोर्स तैनात रहा। तहसील दिवस में तिर्वा जाते समय डीएम ने आईटीआई गेट के सामने फोर्स को तैनात देखा तो गाड़ी रुकवा दी। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा छात्रों की मांग पर यहां स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जा रहा है।