ग्राउंड का निरीक्षण करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का जायजा लेने डीआईजी सभास्थल पहुंचे। अधीनस्थों के साथ बैठककर सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। इस दौरान लखनऊ और झांसी से आए डाग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने मंच के आसपास गहन चेकिंग की। करीब 20 जिलों से आए पुलिस कर्मियों को ड्यूटी कार्ड भी वितरित किए गए।
15 फरवरी की दोपहर 12.50 बजे कस्बे के मिलेट्री ग्राउंड पर प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर मैदान पर लैंड करेगा। आईजी जोन जकी अहमद, डीआईजी राजेश मोदक ने मंगलवार को सभा स्थल का निरीक्षण किया। मोदी की सुरक्षा व रैली की व्यवस्था के लिए करीब 20 जिलों से बुलाए गए एएसपी, सीओ, इंस्पेक्टर और आरक्षियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश डीआईजी ने दिए है। उन्होंने कहा कि कोई भी पुलिस कर्मी बिना अनुमति अपना ड्यू्टी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा। ड्यू्टी के दौरान कोई भी पुलिस कर्मी मोबाइल से फोटो खींचते दिखाई पड़ा तो उसे निलंबित कर दिया जाएगा।
सभा स्थल पर 12 गेट बनाए गए हैं। सभी पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। इससे पहले एसपीजी के अधिकारियों ने एसपी दिनेश कुमार पी से प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर चर्चा की। बाद में एसपीजी के अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने फर्रुखाबाद रोड से लेकर स्थानीय तिराहा तक बाजार बंद करा दिया।
43 साल बाद प्रधानमंत्री की जनसभा
गुरसहायगंज। 1974 के बाद प्रधानमंत्री की जनसभा है। 1974 के सामान्य विधानसभा चुनाव में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ग्राम बनियानी में सभा की थी। कमालगंज विधानसभा से अनवार जमील, छिबरामऊ विधानसभा से जगदीश्वर दयाल अग्निहोत्री व कन्नौज विधानसभा से प्रत्याशी रहे बिहारी लाल दोहरे के लिए जनता से वोट मांगे थे। तभी से ग्राम बनियानी का नाम भी इंदिरा नगर कर दिया गया।