जिला अस्पताल की ओपीडी से अब डाक्टर गायब नहीं हो सकेंगे। डाक्टर गायब मिले तो मरीज फोन कर उनकी लोकेशन ले सकते हैं। शासन के आदेश पर जिला अस्पताल के सीएमएस ने डाक्टरों की सूची का एक बोर्ड ओपीडी में टंगवा दिया है। जिसमें डाक्टरों का नाम, फोटो और मोबाइल नंबर में लिखा गया है।
बताया कि यदि डाक्टर फोन करने के बाद भी ओपीडी कक्ष में नहीं पहुंचते हैं तो मरीज सीधे शिकायत सीएमएस से करेगा। कोई कार्रवाई न होने की दशा में मरीज उक्त चिकित्सक की शिकायत सीधे जिलाधिकारी से करेगा। इसके साथ ही बदहाल चिकित्सा व्यवस्था की शिकायत टोल फ्री नंबर पर सीधे शासन से की जा सकेगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. सीपी सिंह का कहना है कि शासन की यह योजना सराहनीय रहेगी। डाक्टरों के काम में बदलाव आएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण के लिए गठित की टीमें
कन्नौज। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एके पचौरी ने अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए ब्लाक स्तरीय टीमों का गठन किया है। अधिकारियों की टीमें नियमित रूप से सुबह 8 से 9 बजे के बीच अपने क्षेत्र के किसी भी सीएचसी या पीएचसी में पहुंच कर चिकित्सीय व्यवस्था की जांच करेंगे। यदि कोई स्टाप नदारद मिलता है तो उसकी जानकारी सीएमओ को देंगे। सीएमओ स्तर से जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को उसी दिन शाम के समय प्रस्तुत की जाएगी। नदारद रहने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।