कन्नौज जिले में कोरोना संक्रमण फैलता ही जा रहा है। दिल्ली से बच्चों के साथ लौटे दंपति की जांच रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आ गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दंपति को कोविड-19 हास्पिटल तिर्वा में भर्ती कराया। अब तक जिले में कोरोना के 97 केस सामने आ चुके हैं।
रविवार को उमर्दा विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भुन्ना के मजरा बीरमपुर में कोरोना संक्रमित दंपति मिले हैं। पुरुष की उम्र 46 व महिला की 45 वर्ष है। यह बच्चों के साथ पांच जून को दिल्ली से बस से लौटे थे। उसी दिन जिला अस्पताल में सैंपल देने के बाद दोनों घर भेजे गए थेे। तब से यह घर में क्वारंटीन थे। दोनों बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
रविवार को दंपति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से ठठिया थाना पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। संक्रमित दंपति को एंबुलेंस से तिर्वा सीएचसी के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया। गांव को हॉटस्पॉट बनाया गया है। गांव में बैरियर लगा कर सील कर दिया गया है। गांव में हर जरूरत का समान भिजवाने की व्यवस्था प्रशासन की ओर से किया जाएगा।
सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में अबतक 97 केस सामने आए। इसमें 39 लोग ठीक हो चुके है। 58 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। 33 संक्रमित कोविड-19 अस्पताल सीएचसी तिर्वा में इलाज ले रहे हैं जबकि 13 मेडिकल कालेज के कोविड-19 अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। ग्यारह संक्रमित फर्रुखाबाद के कोविड-19 अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। एक संक्रमित का मेडिकल कालेज कानपुर में इलाज हो रहा है।