ठठिया में बने बारात घर पर कब्जा, कमरों में भरा मवेशियों का चारा व अन्य सामान
- फोटो : KANNAUJ
ठठिया सांसद कोटे से बने बरातशाला में भूसा भरा है। वहां गोबर के उपले पाथे और रखे जा रहे हैं। आसपास जलभराव व गंदगी फैली है।
क्षेत्र के गांव कन्हईपुरवा में करीब 12 साल पहले ग्रामसभा की जमीन पर बरातशाला का निर्माण हुआ था। कुछ बरात भी रुकी हैं। इसके बाद खाली जगह देख कुछ असरदार लोगों ने बरातशाला में भूसा भरना शुरू कर दिया।
कोई रोकटोक नहीं हुई तो देखते ही देखते हालत यह हो गई कि अब वहां उपले पथने लगे। कूड़ा भी आसपास फेंका जाने लगा। जिस बरातशाला का निर्माण लोगों की सुविधा के लिए किया गया था, वह बदहाल हो गया। सिर्फ गंदगी का अंबार है। ग्रामीण रमेश, मदन, हरिओम, रामदयाल, देवकी नंदन, रामावतार, जगदीश, बाबूराम, राम प्रसाद ने बरातशाला में हो रहे अवैध कब्जे को हटवाने और स्वच्छ कराने की मांग उठाई है।
उनका कहना है कि कोई सुन नहीं रहा है। बरातशाला सुधर जाए तो गांव की बेटियों की शादी व अन्य सार्वजनिक आयोजन में सुविधा मिल सके। दूसरी ओर ग्राम प्रधान करन वर्मा का कहना है कि कई बार लोगों को मना किया लेकिन किसी ने बात नहीं मानी। प्रशासन को भी जानकारी दे चुके हैं।