गांव नजरापुर में बुधवार को हाईटेंशन लाइन का तार जंफर से टूटकर एलटी लाइन पर गिर पड़ा। इससे पूरे गांव में हाई वोल्टेज दौड़ गया। करंट की चपेट में आकर चार लोग झुलसकर घायल हो गए, जबकि गांव में दर्जनों घरों के बिजली उपकरण व विद्युत लाइनें बेकार हो गईं।
बुधवार दोपहर जंफर पर पक्षी के बैठने से एचटी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरा। इससे घरों में वोल्टेज बढ़ गया। तेज आवाज के साथ टीवी, पंखा, फ्रिज, कूलर आदि फुंक गए। बिजली के बोर्डों में भी आग लग गई। इससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आननफानन में बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति ठप कराई गई।
इस बीच करंट की चपेट में आकर कविता (17) पुत्री छोटेलाल, आसमा (18) पुत्री छोटे कनौजी, बबली (17) पुत्री अवधू पाल , आशा देवी (40) पत्नी दिनेश सक्सेना निवासी पट्टी जलकर घायल हो गईं। ग्रामीण दिनेश सक्सेना, गुड्डू सिंह, राजाराम पाल, मनोज दुबे, सुरेंद्र गुप्ता, श्यामबाबू पाल, रघुवीर पाल समेत कई घरों में संचालित कई लाख रुपये के बिजली उपकरण फुंककर बेकार हो गए हैं।
खेतों की सिंचाई करने के लिए लगे सबमर्सिबल पंप की केबिलें व बोर्ड जल गए। मोटरें भी कई जगह फुंक गईं। बल्ब एकाएक फूट गए। ग्रामीणो ने बिजली विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की है। सूचना पाकर बिजली टीम पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। घायलों को 108 नंबर की एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।