नगर के गांधीनगर बहवलपुर में देर रात हाईटेंशन लाइन टूटकर एक मकान की छत पर जा गिरी। हालांकि छत पर लेटे परिजन बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंचे विद्युतकर्मियों को मोहल्ले के लोगों का विरोध झेलना पड़ा। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया। तालग्राम रोड स्थित गांधीनगर बहवलपुर में शनिवार रात करीब नौ बजे हाईटेंशन लाइन टूटकर रमेशचंद्र शाक्य की छत पर आ गिरी।
उस समय परिजन छत पर लेटे हुए थे। तार गिरते ही छत पर लेटे रमेशचंद्र, उनकी पत्नी नीरज और बच्चे सनुज व अनुज जान बचाकर भाग खड़े हुए। उनकी चीखपुकार सुन आस-पड़ोस के लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे विद्युतकर्मियों की मोहल्ले के लोगों से कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में मामला तूल पकडने लगा। कुछ ही देर में पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर मामला शांत कराया। लोग हाईटेंशन लाइन जुड़वाने की मांग पर अड़े थे, लेकिन विद्युतकर्मी सुबह मरम्मत करने की बात पर अड़े थे। इस पर पुलिस ने लोगों को सुबह हरहाल में लाइन जुड़वाने का आश्वासन दिया। ऐसी स्थिति में मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति पूरी रात ठप रही। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि कई बार जर्जर लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।