पुरानी गल्ला मंडी को सैनिटाइज करते पालिका कर्मी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ हॉटस्पॉट में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति न होने से लोगों में रोष है। लोग बैरिकेडिंग फांद कर खरीदारी के लिए घरों से निकल रहे हैं। इन्होंने दुकानों पर जाने के लिए बैरिकेडिंग तोड़ दी।
नगर में एक ही परिवार के 13 सदस्यों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुरानी गल्ला मंडी के चारों तरफ 500 मीटर दायरे को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इस दायरे में आने वाली पुरानी गल्ला मंडी के अलावा ग्रेसीगंज, लकड़ी मंडी, नई बस्ती गंगेश्वरनाथ, कटरा, कोलियान, बुद्धू कूंचा, मुसाहिब चौबे, गनेश चौधरी, इब्राहीमगंज, बस्तीराम आंशिक, रामपुर बैजू व विशुनगढ़ रोड सहित पश्चिमी बाईपास से डाकघर तिराहे तक नगर के मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग करवाकर सील किया गया है।
प्रशासन ने दूध, सब्जी, फल व अन्य आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी की मुनादी करवाई थी। बैरिकेडिंग स्थायी होने से ठेले वाले हॉटस्पॉट में नहीं घुस सके। कई सब्जी विक्रेता अनुमति पत्र न होने से घुसने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि स्थायी बैरिकेडिंग से इन इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में परेशानी हुई। समस्या के निस्तारण के लिए नगर पालिका तिराहे पर बैरिकेडिंग में गेट बनवाया जाएगा। सभी मोहल्लों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कराई जाएगी।