छिबरामऊ (कन्नौज)। जीटी रोड पर प्रेमपुर कस्बे के पास होटल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार सुबह प्रेमपुर के पास स्थित फौजी होटल के संचालक बेवर निवासी मनोज गुप्ता (36) पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता होटल पर बैठे थे। तभी किसी व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी। पास में सो रहे मनोज के रिश्ते के साले विकास पुत्र श्याम बिहारी गुप्ता को मामले की जानकारी नहीं हुई। कुछ देर बाद होटल पर आए युवक ने मनोज को पड़ा देखा तो शोर मचा दिया। मामले की जानकारी पर मनोज के भाई मोहल्ला बजरिया निवासी नरेंद्र गुप्ता, सीओ शिव कुमार थापा व प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा मौके पर पहुंच गए। पुलिस मनोज गुप्ता को सौ शय्या अस्पताल में लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एएसपी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ होटल पर पहुंचे। इन्होंने वारदात के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने कोतवाल को मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बच्चों से आतिशबाजी चलवाने का वादा कर निकले थे मनोज
दिवाली की रात को घर से पूजन करने के बाद मनोज अपने साले विकास के साथ बाइक से होटल के लिए निकले थे। मनोज ने बच्चों से वादा किया था कि वह सोमवार रात को उनके साथ रहेंगे। आतिशबाजी भी चलवाएंगे। पिता के शव को देखकर बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। बच्चे बार-बार कह रहे थे कि अब उन्हें आतिशबाजी कौन चलवाएगा।
एक साल पहले जेल से छूटे थे मनोज
बेवर निवासी मनोज गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश बेवर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मुकदमे में साल 2013 में जेल गए थे। पिछले साल दिवाली के 15 दिन पहले जेल से छूटे थे। होटल पर दिन में इनके बड़े भाई नरेंद्र गुप्ता बैठते थे। रात के समय मनोज होटल चलाते थे। परिवार में पत्नी आशा देवी के अलावा तीन बेटे भोला, कृष्णा, राज व दो बेटियां स्वीटी व मुस्कान हैं।
होटल खाली करने के विवाद में हुई मनोज की हत्या
मृतक मनोज के भाई नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिस ढाबा को वह पिछले 18 वर्षों से चला रहे हैं, उसे छत्रपाल उर्फ मुन्नू यादव फौजी पुत्र सुघर सिंह निवासी विशुनगढ़ रोड से किराये पर लिया था। होटल पर उसका भाई मनोज व साला विकास था। होटल को खाली करने के लिए मुन्नू यादव कई बार धमकियां दे चुके हैं। कुछ लोगों को भेजकर झगड़ा कर ढाबे का सामान भी फिकवा चुके हैं। होटल पर सपा के झंडे व पोस्टर न लगाने के कारण मुन्नू सिंह रंजिश मानते हैं। इसी रंजिश को लेकर मुन्नू सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस जांच कर रही है।