चयन निरस्त होने की जानकारी पाकर आशाओं ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर हंगामा कर डिप्टी सीएमओ का घेराव किया। कोई आश्वासन न मिलने पर आशाओं ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय पर धरना देने की धमकी दी है।
ब्लाक तालग्राम में कार्यरत आशाओं में से दस का चयन संगिनी पद पर किया गया था। इसको लेकर कुछ आशाओं ने गड़बड़ी की बात कहकर डीएम से शिकायत की थी।
जिस पर डीएम ने इस चयन को निरस्त करने का आदेश सीएमओ को दिया था। गुरुवार को सीएचसी द्वारा संगिनी चयन निरस्त का पत्र सीएचसी भेजे जाने के बाद इसकी जानकारी पाकर चयनित संगिनी यहां पहुंच गई और हंगामा काटा।
मलिकपुर की मीना बेगम, ताहपुर की माधुरी यादव, नरुइया की ममता रानी, डंबरपुर्वा की संतोष कुमारी आदि ने बताया कि राजनीति से प्रेरित होकर इस चयन को निरस्त किया गया है। जबकि पांच लोगों की समिति ने चयन किया था। बिना मामले की जांच कराए चयन निरस्त करना अन्यायपूर्ण है।
इस मामले को लेकर आशाओं ने डिप्टी सीएमओ आर चड्डा का स्थानीय सीएचसी पर घेराव किया और न्याय दिलाने की मांग की।