कलक्ट्रेट में बैठक लेते डीएम राकेश कुमार मिश्रा, एडीएम, एसडीएम
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। होली का त्योहार सौहार्द एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। जल आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने कलक्ट्रेट सभागार में शांति कमेटी की बैठक में दिए।
डीएम ने कहा कि होली जलने वाले स्थलों के अतिरिक्त दूसरे दिन भी नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। लोगों को पानी की कमी का अहसास न हो। संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करें। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत दें। जिला आबकारी अधिकारी अभियान चलाकर कच्ची व पक्की शराब बंद करें।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलतापूर्वक करेंगे। किसी व्यक्ति को रंग खेलना न पसंद हो तो उसके ऊपर रंग न डाला जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप समेत कई अफसर मौजूद रहे।