ब्लाक प्रमुख पद पर नामांकन के लिए सुरक्षा और
जुलूस निकालने की प्रशासन की ओर से लगाई गई पाबंदी धड़ाम नजर आई। सपा के
अधिकृत घोषित प्रत्याशी वीरपाल सिंह उर्फ नीलू यादव का क्षेमकली मंदिर से
जुलूस उठने के बाद प्रशासन ने पूरी तरह से बैकफुट पर आ आया।
कई सैकड़ा बाइक
व चौपहिया वाहनों के साथ निकले नामांकन जुलूस को रोकने की कोई भी हिम्मत
नहीं जुटा सका। नामांकन जुलूस शहर से घूमते हुए मकरंदनगर होकर तिर्वा
क्रासिंग पर समाप्त हुआ। नामांकन करने पहुंचे सपा उम्मीदवार के साथ अंदर
घुसने को लेकर पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
इस दौरान चेकिंग के
लिए लगाए गए मेटल डिडेक्टर को धकियाते हुए सपाई ब्लाक परिसर के अंदर दाखिल
हो गए। सपा उम्मीदवार नीलू यादव का भारी-भरकम जुलूस कई सैकड़ा बाइकों व
चौपहिया वाहनों के साथ क्षेमकली मंदिर से उठा। इस जुलूस में साथ चल रहे
डीजे की धुनों पर कार्यकर्ता जमकर थिरके और समाजवादी पार्टी जिंदाबाद,
अखिलेश व डिंपल यादव जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आगे चल रहे थे।
जुलूस लाखन
तिराहा, चिरैयागंज, मकरंदनगर होते हुए तिर्वा क्रासिंग पर पहुंचा।यहां
पर हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब
सिंह यादव ने रोक दिया। नामांकन करने पहुंचे सपा प्रत्याशी वीरपाल सिंह
नीलू यादव, जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, अरविंद कटियार, दिवारीलाल कुशवाहा
सहित अन्य नेताओं को ब्लाक मुख्यालय गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने रोकने
की कोशिश की, पर सपाई कोई भी बात सुनने के लिए तैयार नहीं थे।
नोकझोंक के
दौरान पुलिसकर्मियों के गेट से न हटने पर सपाई धकियाते हुए अंदर घुस गए। इस
दौरान सपा उम्मीदवार ने ब्लाक प्रमुख पद को लेकर अपने प्रस्तावक व अनुमोदक
के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। तिर्वा क्रासिंग पर पूर्व ब्लाक प्रमुख
नवाब सिंह यादव ने जिले से आई हुए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
इस दौरान
जीटी रोड व सरायमीरा-कन्नौज रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति लगी रही। इस
मौके पर मुद्दसर हसन, सतेंद्र यादव, अमित मिश्रा, सोमू दुबे, अनंत यादव,
गुफरान सिद्दीकी, इमरोज खां, दरोगा कटियार सहित भारी संख्या में सपाई मौजूद
थे। उधर, प्रशासन नामांकन जुलूसों को रोकने को पहले से कोई रूपरेखा नहीं
तय की।
जिसका नतीजा रहा कि पूरे शहर में जाम से लोगों को परेशान होना पड़ा।
तिर्वा क्रासिंग पर एकत्र भारी भीड़ व उनके वाहनों से कई स्कूली बसें फंसी
रही। इस दौरान ट्रैफिक बूथ पर तैनात पुलिस बल असहाय होकर तमाशा देखता रहा।
बाद में पूर्व ब्लाक प्रमुख ने पुलिस कर्मियों से कहकर किसी तरह से जाम
खत्म कराया।