विशुनगढ़। सिपाही सचिन राठी की हत्या के मामले में जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआ के दूसरे पुत्र को पुलिस ने गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शंकरपुर चौकी इंचार्ज सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। उसी समय बाइक से आए संदिग्ध युवक को रोक कर तलाशी ली। उसके पास से 1.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव यादव पुत्र अशोक कुमार यादव उर्फ मुनुआ यादव निवासी धरनीधीरपुर नगरिया बताया। थाना प्रभारी देवेश पाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
तीन महीने पहले सिपाही की हुई थी हत्या
25 दिसंबर 2023 को नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर धरनीधीरपुर नगरिया गांव के अशोक उर्फ मुनुआ उर्फ मुन्ना ने पत्नी श्यामा देवी व नाबालिग बेटे के साथ मिलकर फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में विशुनगढ़ थाने के सिपाही सचिन राठी की मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में घायल हुए मुनुआ व उसके बेटे के अलावा पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुनुआ की कार्यशैली से नाराज उसके दोनों बड़े पुत्र परिवार के साथ अलग रहते हैं। इसमें गौरव दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है।