तिर्वा (कन्नौज)। ठठिया क्षेत्र के करसाह गांव में तीन साल से धर्मांतरण का खेल चल रहा था। जानकारी होने पर रविवार को हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर जाकर पूछताछ की। बाद में सभी परिवारों ने सनातन धर्म के सिद्धांतों पर चलने की सहमति व्यक्त की है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक अन्नू बाबा, जिला गौरक्षा प्रमुख आलोक राजपूत, नगर सह संयोजक अनिकेत गुप्ता ठठिया थाना क्षेत्र के करसाह गांव में एक घर में चल रहे धर्मांतरण की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गए। अन्नू बाबा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन साल पहले करसाह गांव निवासी तीन परिवारों ने ईसाई धर्म अपनाया था। मौके पर देखा गया गांव के एक घर में 25 से अधिक पुरुष व महिलाएं और 10 बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए जागरूक कर रहे थे।
घर के अंदर बिना प्रशासनिक अनुमति के चर्च भी बना रखा है और उसमें धार्मिक पुस्तकें भी रखीं है। प्रार्थना पत्र में धर्मांतरण करा रहे लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने हंगामा किया तो मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, थानाध्यक्ष देवेश कुमार पहुंचे और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो तीनों परिवारों ने सनातन धर्म के सिद्धांतों पर चलने की बात कही और चर्च के स्थान पर मंदिर बनाने पर सहमति व्यक्त की। तब हिंदूवादी संगठनों ने 10 दिन का समय दिया है। वहीं, एएसपी अजय कुमार ने बताया कि मौके पर कोई ईसाई धर्म से जुड़ा युवक नहीं मिला। जो मिले हैं, वह अनुसूचित जाति के हैं और उनकी व्यक्तिगत आस्था थी। फिर भी पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।