जसोदा (कन्नौज)। अलीगढ़-कानपुर हाईवे स्थित जेवां टोल प्लाजा पर बुधवार की रात 12 बजे से संशोधित टोल दरें लागू कर दी गईं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से जारी नई दर सूची के अनुसार सभी श्रेणियों के वाहनों के शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। इससे वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
एनएचएआई की नई दरों के तहत कार, जीप और वैन की एकल यात्रा के टोल शुल्क में पांच रुपये की वृद्धि की गई है। इसी के साथ मासिक पास की दर 350 से बढ़ाकर 360 रुपये कर दी गई है। व्यावसायिक वाहनों से भी संशोधित दरों के अनुसार ही शुल्क लिया जा रहा है। वाहन चालकों की सुविधा के लिए टोल प्लाजा पर संशोधित दरों की सूची प्रदर्शित कर दी गई है, ताकि चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कर्मचारियों को भी नई दरों के अनुसार वसूली के निर्देश दिए गए हैं। रोजाना आवागमन करने वाले वाहन चालकों और व्यावसायिक वाहन संचालकों में नाराजगी है।
आम जनता पर अतिरिक्त बोझ
जसोदा निवासी विद्याशरण गुप्ता का कहना है कि महंगाई के दौर में पहले से ही ईंधन और रखरखाव का खर्च बढ़ा हुआ है। ऐसे में टोल में बार-बार की जाने वाली बढ़ोतरी आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। ग्राम पाहला निवासी विशाल यादव ने बताया कि हाईवे का उपयोग वे दैनिक जरूरतों के लिए करते हैं। ऐसे में थोड़ी-थोड़ी बढ़ोतरी भी महीने के अंत में बड़ा खर्च बन जाती है। सिमरापुर निवासी योगेंद्र सिंह यादव का कहना है कि एनएचएआई टोल बढ़ोतरी से पहले आमजन की राय लें और जनसुविधा को ध्यान में रखकर निर्णय करें। जलालाबाद के पूर्व प्रधान कमलकांत का कहना है कि सड़क सुविधाओं के साथ टोल दरों में संतुलन जरूरी है, वरना बढ़ते शुल्क से वाहन चालकों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
वर्जन
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल दरों में आंशिक बढ़ोतरी की है। संशोधित दरों को आधी रात से लागू कर दिया गया है। नई दरों की सूची भी टोल प्लाजा पर लगवा दी गई है।
-अंबरीष गौतम, प्रबंधक, जेवां टोल प्लाजा
टोल दरों का तुलनात्मक विवरण
वाहन का प्रकार एक तरफ से -पहले/अब दोनों तरफ से-पहले/अब मासिक पास
हल्के निजी वाहन 125/130 190/195 4190/4320 हल्के व्यवसायिक वाहन 205/210 305/315 6770/6980
व्यवसायिक वाहन (टू एक्सल) 425/440 640/660 14190/14620
व्यवसायिक वाहन (थ्री एक्सल) 465/480 695/720 15480/15950
व्यवसायिक वाहन (फोर से सिक्स एक्सल) 670/690 1000/1030 22250/22930
व्यवसायिक वाहन (सेवन या इससे अधिक एक्सल) 815/835 1220/1255 27090/27915