तिर्वा (कन्नौज)। बरात से लौटते समय हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। यह घटना सोमवार की देर रात तिर्वा खैरनगर मार्ग पर हुई।
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गड़ेवा गांव निवासी राघवेंद्र सिंह (27) दोस्त भानू प्रताप (26) के साथ तिर्वा आए थे। वे रिश्तेदारी में एक बरात में शामिल होने आए थे। देर रात दोनों बुलेट से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार कोतवाली क्षेत्र के ईंटखारी गांव के सामने पहुंचे। तभी अचानक उनकी बुलेट अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को खाई से बाहर निकाला। उन्होंने पुलिस को इस घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान राघवेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, भानू प्रताप गंभीर हालत में डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
कोतवाल संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।