ठठिया। टीबी मरीज से घूस लेने के आरोप का मामला उजागर होने और समाचार प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। बुधवार को विभागीय जांच टीम बहसुइया गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई।
बहसुइया गांव निवासी 12 वर्षीय कामरान पुत्र बब्लू टीबी से पीड़ित है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार उसका इलाज तिर्वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करा रहा था। आरोप है कि निक्षय पोषण योजना का लाभ दिलाने के नाम पर सीएचसी में तैनात एक कर्मचारी ने परिवार से दो हजार रुपये की मांग की। परिवार ने पहले 500 रुपये खाते में और बाद में 1000 रुपये नकद दिए, लेकिन इसके बावजूद अनुदान राशि नहीं मिली। आरोप है कि बाद में डॉक्टर ने फोन पर 400 रुपये और जमा करने की बात कही। टीम ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर साक्ष्य जुटाए। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजन शर्मा ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत पत्र नहीं मिला है। शिकायत पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।