कन्नौज। जिले को मिले लक्ष्य के मुताबिक 82.15 फीसदी लोगों ने ही कोरोना वैक्सीन लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग ने मैसेज भेजने के साथ ही फोन कर वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया। इसके बाद भी लक्ष्य अधूरा है।
जिले को 1210 लोगों को वैक्सीन लगवाने के निर्देश मिले थे। स्वास्थ्य विभाग ने 994 लोगों को वैक्सीन लगाई है। जिले के 11 अस्पतालों में 15 बूथों पर वैक्सीनेशन किया गया। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में लोग अभी भी भ्रम पाले हैं। लोगों को चाहिए कि वह संबंधित बूथ पर पहुंच कर वैक्सीन लगवा लें। यह वैक्सीन पूरी तरह से प्रमाणित है। मार्च माह से 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसकी सूची तैयार की जा रही है। छूटे फ्रंटलाइन वर्कर संबंधित बूथ पर पहुंच कर वैक्सीन लगवा सकते हैं। नोडल अधिकारी डॉ. गीतम सिंह का कहना है कि वैक्सीन न लगवाने वाले लोगों को दिक्कत हो सकती है। कोरोना का संकट एक बार फिर तेजी पकड़े है। जरा सी लापरवाही बीमार कर सकती है।