छिबरामऊ। अफसरों ने गुरुवार को नगर में संचालित दो अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। एक पर सेंटर बंद कर संचालक भाग गया। वहीं दूसरे पर डॉक्टर नहीं मिले।
नगर में संचालित अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी पर निर्धारित मूल्यों से कहीं अधिक रुपये वसूले जाने की शिकायतें की गईं थीं। एसडीएम न्यायिक राकेश कुमार त्यागी ने स्वास्थ्य महकमे के नोडल अधिकारी केपी त्रिपाठी के साथ नगर में जांच अभियान चलाया। एक डायग्योस्टिक, अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी सेंटर के संचालक दुकान में ताले डालकर चले गए। उसके बाद टीम राज अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंची। यहां अभिलेखों का निरीक्षण किया। विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद नहीं थे।
एसडीएम न्यायिक ने बताया कि दुकान में ताला डालकर भागने वाले सेंटर संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। खामियां पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अन्य सेंटर संचालकों को भी विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में ही जांच कराए जाने की नसीहत दी। शासन की मंशा के अनुरूप अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ छापा मार अभियान नियमित चलाया जाएगा।