तिर्वा। मेडिकल कॉलेज में मरीजों से इलाज के नाम पर वसूली को लेकर सपा के आक्रामक रुख के बाद मेडिकल कालेज प्रशासन ने जांच कमेटी गठित कर दी है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित किए जाने की बात प्राचार्य ने कही है, लेकिन इसमें शामिल नाम पूछे जाने पर चुप्पी साध ली।
शनिवार को सपा नेता नवाब सिंह यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया था। एक ज्ञापन भी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को सौंपा गया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि मरीजों से इलाज और ऑपरेशन के नाम पर बड़े पैमाने पर वसूली की जाती है। मरीजों से 15 से 30 हजार रुपये तक लिए जाने का आरोप लगा था।
ज्ञापन के साथ में वसूली का शिकार हुए लोगों की सूची भी प्राचार्य को उपलब्ध कराई थी। पूरे मामले में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डीएस मार्तोलिया ने जांच के आदेश दिए हैं। प्राचार्य का दावा है कि तीन सदस्यों की जांच टीम बनाई है। प्राचार्य डॉ. डीएस मार्तोलिया ने बताया कि निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी। तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।