तालग्राम। मुंडन संस्कार में शामिल होने जाते समय ट्रैक्टर से गिरे युवक की मौत के मामले में मृतक के चाचा ने रविवार को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या का आरोप लगाया। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रैक्टर को बरामद कर शव को पीएम को भेजा है। चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी की पर वह घर से फरार मिला।
बिरियन नगला निवासी ज्ञान सिंह पुत्र सूरज प्रसाद ने त्यौर गांव निवासी अनिल कुमार कठेरिया पुत्र नंदराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि गांव के गजेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह के पुत्र का शनिवार को मुंडन संस्कार में शामिल होने रोहली जहारा देवी मंदिर जा रहे थे। ट्रैक्टर पर उसका भतीजा भूरा पुत्र हरिश्चंद्र, विगनेश पुत्र जयराम, इंद्रलाल पुत्र रघुवीर बैठे थे। हिमंतनगला मंदिर के सामने चालक ने भूरा को गिरा दिया, और ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को परिजन पहले सीएचसी तालग्राम फिर सौ शैय्या अस्पताल छिबरामऊ लेकर गए। हालत नाजुक होने पर राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। मेडिकल कालेज पहुंचते ही उसकी मौत हो गई थी। चाचा की रिपोर्ट के आधार पर दरोगा रामशंकर भारती ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर को बरामद कर सीज कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक का कहना कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।