रोडवेज बस स्टैंड के निकट फुटपाथ पर सजी दुकानें।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। तिर्वा क्रासिंग से लेकर सरायमीरा अंधा मोड़ तक फुटपाथ पर अवैध तरीके से दुकानें लगने के कारण सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक जाम की स्थित रहती है। शाम के समय भी कई बार जाम लगता है। इससे जीटी रोड पर लंबी दूरी के वाहन सवारों को दिक्कत होती है। सदर तहसील के सामने दोनों साइड के फुटपाथ को अतिक्रमणकारियों ने घेर रखा है। स्कूली वाहनों के जाम में फंसे रहने से विद्यार्थी परेशान होते हैं। प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है। फुटपाथ घेरने वाले सभी दुकानदारों को नोटिस जारी कर अल्टीमेटम दिया जा रहा है। एक सप्ताह के अंदर अवैध दुकानें स्वेच्छा से नहीं हटाई गईं तो प्रशासन बलपूर्वक हटवाएगा।
जीटी रोड पर तिर्वा क्रासिंग से लेकर अंधा मोड़ तक जाम की स्थिति रहती है। सरायमीरा में सुबह अंधा मोड़ के निकट लगने वाली सब्जी मंडी से जीटी रोड पर दोनों ओर अवैध दुकानदारों की वजह से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। यही हाल रेलवे स्टेशन के निकट रहता है। यहां भी जाम की समस्या रहती है। सुबह 11 से लेकर दोपहर तीन बजे तक सदर तहसील के सामने भी दोनों पट्टियों पर अवैध दुकानदारों की वजह से जाम लगता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूलों की छुट्टियों के दौरान होती है। इन जगहों पर जाम की वजह से कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
एसडीएम सदर शैलेष कुमार ने बताया कि अवैध दुकानदारों की वजह से जीटी रोड पर अक्सर जाम लगता है। दुकानदारों को नोटिस देकर एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इस अवधि तक दुकानें नहीं हटाई गईं तो बलपूर्वक हटवा दिया जाएगा।