कन्नौज। हसेरन तहसील मुख्यालय को रूर गांव में बनाने का विरोध शुरू हो गया है। ब्लाक प्रमुख की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया। मांग पूरी न होने पर जन आंदोलन की धमकी दी है।
सोमवार को हसेरन ब्लाक प्रमुख उमाशंकर बेरिया जनप्रतिनिधियों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। इन्होंने बताया कि साल 2015-16 में तत्कालीन सरकार ने हसेरन ब्लाक को तहसील मुख्यालय बनाने की घोषणा की थी। तत्कालीन जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट खाली पड़ी जगह चयनित की थी। इसके एक किमी परिधि में आने वाली हुसैननगर, बरौली, गहपुरा आदि ग्राम सभाओं में तहसील बनाने के लिए पर्याप्त जगह है। इसके बाद भी हसेरन तहसील भवन को सौरिख ब्लाक क्षेत्र के रूर में बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह छिबरामऊ तहसील में आता है। यह सरासर गलत है। इसका क्षेत्र के लोग विरोध करते हैं। तहसील को हसेरन के एक किमी क्षेत्र में बनाया जाए। एक सप्ताह में इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इलाके के लोग जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी रवींद्र कुमार को सौंपा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य शरद यादव, पप्पू भदौरिया, प्रमोद यादव, चंदन गुप्ता, इंद्र नारायण द्विवेदी, प्रेम नरायन वर्मा, समेत कई लोग मौजूद रहे।