चिरैयागंज के निकट बनवाई जा रही पुलिया में घटिया
ईंटों के प्रयोग और कार्य धीमा होने पर नगर पालिका के सभासद सहित अन्य
लोगों ने पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन से जांच कराने
की मांग की। बाद में एडीएम रमेश चंद्र यादव को मांगपत्र सौंपा गया।
डीएम
को संबोधित ज्ञापन में कहा है कि पालिका की ओर से फूलमती मंदिर के पास
मुख्य मार्ग पर हो रहे पुलिया निर्माण में घटिया किस्म की ईंटों और सामग्री
का प्रयोग किया जा रहा है। यह शहर से आने के लिए मुख्य मार्ग है। मकरंदनगर
आने वाले लोगों को पुलिया के निर्मित न होने से काफी घूमकर आना पड़ रहा
है।
इसके अलावा नवदुर्गा व्रतों के चलने के कारण बड़ी संख्या में
लोग सुबह व शाम को फूलमती देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए आते हैं।
पुलिया का निर्माण एक माह से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है।
खुली पुलिया के कारण दुर्घटना की भी आशंका है।
एडीएम ने मामले को
गंभीरता से लेते हुए निर्माण करा रहे ठेकेदार का भुगतान रोकने के निर्देश
दिए। इसके अलावा मानक की जांच कराए जाने को कहा। इस मौके पर सभासद वीरपाल
यादव, अमित दुबे, अनुराग दुबे, अमित मिश्रा, सतेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव,
शशिकांत कटियार, संतोष शर्मा, सभासद सुनीता यादव, धमेंद्र कुशवाहा सहित
अन्य मौजूद रहे।