मानीमऊ (कन्नौज)। एनएचएआई के अफसरों की माने तो अभी सात दिन तक हरदोई-कन्नौज मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। पुल ठीक होने के बाद सबसे पहले हल्के वाहनों को निकलने की अनुमति दी जाएगी।
उधर, दूसरे दिन बुधवार को भी बरेली की टीम महादेवी घाट पुल की मरम्मत का काम करती रही। पुल के दोनों ओर फोर्स तैनात रहा। वाहनोंं का आवागमन पूरी तरह बंद रहा। लोगों को पैदल सफर करना पड़ा। लोग नाव पर बाइक लेकर दूसरी ओर गए।
एनएचएआई के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार, जेई राजपाल सिंह ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के निकलने से एक स्लैब के नीचे लगी स्प्रिंग रोलर बेयरिंग खिसकने से पांच सेंटीमीटर का गैप आ गया है। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग करके पुलिस तैनात कर दी गई।
पुल से पैदल निकलने की ही अनुमति दी गई। बाइक से लेकर सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। बुधवार को पिलर के ऊपर बेयरिंग डालने का काम चल रहा था। कुछ हिस्से को सीमेंट से जोड़ा जा रहा था। जेई ने बताया कि बेयरिंग डालने का काम चल रहा है।
एक सप्ताह बाद निकलेंगे छोटे वाहन
जेई ने बताया कि नई बेयरिंग डालने का काम चल रहा है। बेयरिंग का हिस्सा मजबूती से सीमेंट से जुड़ जाएगा। यह काम एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद छोटे वाहन निकाले जाएंगे। बड़े वाहनों को 10 दिन के बाद यहां से गुजारा जाएगा।
ट्रकों की लंबी लाइन, चालक रात का कर रहे इंतजार
पुल के दोनों ओर ट्रकों की लंबी लाइन लगी थी। चालक ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से सेटिंग करके रात होने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में सवाल उठता है कि रात में पुलिस ट्रकों को यहां से गुजार देती है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक है। निगरानी के लिए टीम को तैनात किया गया है।