हसरेन। पिता की डांट से क्षुब्ध छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। छात्र टेंपो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
कस्बे निवासी नीरज मिश्रा का 18 वर्ष का पुत्र मोहित मिश्रा इंटरमीडिएट का छात्र था। मंगलवार की देर शाम मोहित टेंपो लेकर घर आया।
तभी घर में कहासुनी हो गई। पिता नीरज ने मोहित की डांट लगा दी। इससे क्षुब्ध होकर मोहित ने आंगन में पड़े टिनशेड के पाइप में रस्सी से फंदा लगाया और लटक गया। परिजनों ने मोहित को फंदे पर लटका देखा तो फंदे से उतारकर सीएचसी ले गए।
वहां डॉक्टर ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। मोहित की मौत की सूचना मिलने पर मां राधा मिश्रा, पिता नीरज व बड़े भाई का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना बुधवार को महादेवी घाट पर मोहित का अंतिम संस्कार कर दिया।