कन्नौज। जिले में पारा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार सुबह से ही मौसम का रुख तल्ख रहा। दोपहर में तापमान 39 डिग्री पहुंच गया। चिलचिलाती धूप के साथ गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों के साथ बेजुबान भी बेहाल रहे।
मंगलवार की रात में पारा सामान्य से एक डिग्री नीचे गिर गया। धूल भरी आंधी ने गर्मी से कुछ देर के लिए राहत तो दी, लेकिन हवा थमते ही बढ़ी उमस भरी गर्मी से लोग बेचैन हो गए। गर्मी बढ़ने से पसीने से तर बतर लोग ठीक से नींद पूरी नहीं कर सके। सूरज निकलने के साथ ही तपन बढ़ती गई। दोपहर में पारा सामान्य से आधा डिग्री ऊपर जाकर 39 डिग्री पहुंच गया।
वहीं 23 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली दक्षिण पश्चिमी गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों के साथ राहगीरों को झुलसा कर रख दिया। तपन बढ़ने से लोगों के घरों में दुबकने तथा वाहनों का परिचालन न होने से सड़कों व गलियों में सन्नाटा पसरा दिखा, लेकिन बिजली कटौती घरों में भी लोगों को गर्मी बेचैन किए रही।
तेज धूप, गर्म हवा से बेहाल राहगीर पानी की तलाश में भटकते रहे। दोपहर में वाटर कूलरों व हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं धूप के चलते वाटर कूलरों से गर्म पानी निकलने से लोगोंं ने दुकानों से बोतल बंद पानी खरीद कर प्यास बुझाई। गन्ने के रस, नीबू पानी, लस्सी शीतल पेय की भी बिक्री हुई।
मौसम वैज्ञानिक अमरेंद्र यादव ने बताया कि अभी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। आसमान में बदली रहने के बाद भी दिन में गर्म हवाएं व धूल भरी आंधी की भी संभावना है। उन्होंने तल्ख मौसम को देखते हुए पशुओं को तीन बार पानी पिलाने तथा सुबह शाम नहलाने की सलाह दी।