कन्नौज। जिले में बिजली मीटर लगाने वाली जीनस पावर कंपनी को पेटी डीलरों ने चपत लगा दी। दो पेटी डीलर कंपनी तीन हजार से अधिक मीटर लेकर भाग गईं। मामले में जीनस कंपनी के साइड इंजीनियर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कानपुर व ठठिया की दो फर्मों पर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि फर्म ने जो मीटर आवासीय परिसर में लगाए उनमें भी खेल किया गया है।
जिले के मीटर लगाने का ठेका जीनस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड जयपुर को वर्ष 2018 में दिया गया था। 50 हजार मीटर लगाने की जिम्मेदारी कंपनी पर थी। जिले में मीटर लगाने का कार्य तेजी से हो इसको लेकर मुख्य कंपनी ने कई पेटी डीलर कंपनियों को ठेका देकर मीटर थमा दिया। इनमें कानपुर के उदय प्लाजा काकादेव की कंपनी ओम इंटर प्राइजेज व ठठिया कस्बा की कंपनी तकी ट्रेडर्स को कुल 7,785 मीटर दिए गए थे। दोनों कंपनियों ने इनमें से 4,099 मीटर लगा कर डाटा भी मुख्य कंपनी को सौंप दिया पर बाकी के 3,686 मीटर कहां गए इसका डाटा नहीं सौंपा। इस संबंध में मुख्य कंपनी जीनस के साइड इंजीनियर मोहित सहाय ने मीटर न देने वाली दोनों फर्मों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
अधीक्षण अभियंता जीपी यादव ने बताया कि 2019 तक 50 हजार मीटर लगाने थे। निर्धारित समय निकल जाने के बाद भी पूरे मीटर नहीं लग सके । यही नहीं ठेकेदार ने बिजली स्टोर से दो वर्ष के दौरान मात्र 16 हजार मीटर उठाए। इसमें भी सभी मीटर नहीं लगाए जा सके। मुख्य कंपनी की रिपोर्ट की माने तो कंपनी ने 12,314 मीटर लगाए हैं। इनमें भी कई अनिमितताएं बरती गई हैं।
मीटर लगाकर नहीं जोड़ा कनेक्शन
कन्नौज। जयपुर की जीनस पावर कंपनी की ओर से गांव-गांव लगाए जा रहे मीटरों में खेल किया। कंपनी के कर्मचारी मीटर और उसमे केबल को भी लगा रहे हैं पर बिजली पोल से केबल नहीं जोड़ी। इससे मीटर अभी तक चालू नहीं हो सके हैं। जिला मुख्यालय से छह किलोमीटर की दूरी पर बसे गांव उदैतापुर में घरों के बाहर मीटर व केबल लटक रही है। कंपनी मीटर लगाने में पूरी लापरवाही बरत रही है। इससे बिजली विभाग की मंशा पूरी नहीं होती दिख रही है।
सभी अधूरे कार्यों की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि जो काम अधूरे रह गए हैं उनको पूरा करें, नहीं तो भुगतान रोक कर संस्था के खिलाफकार्रवाई की जाएगी।
- जीपी यादव, अधीक्षण अभियंता कन्नौज।