छिबरामऊ(कन्नौज)। पुलिस ने हजारों एक्टिवेट सिम, सैकड़ों आधार कार्ड व 15 मोबाइल फोन के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस की सर्विलांस सेल व स्वॉट टीम जांच में जुटी है। तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।
सिटी इंचार्ज हरिओम गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नगर की इंद्रा आवास कॉलोनी में छापा मारा। पुलिस ने यहां से तीन युवकों को दबोच लिया। युवकों के पास से पुलिस ने गलत ढंग से एक्टिवेट की गईं लगभग चार हजार सिम, सैकड़ों आधार कार्ड, 15 मोबाइल (11 एंड्राएड) स्वाइप मशीन सहित काफी तादाद में सामान बरामद किया। पुलिस आरोपी युवकों को पकड़कर कोतवाली ले आई। यहां इनसे पूछताछ की गई। मंगलवार दोपहर स्वॉट सर्विलांस सेल प्रभारी राकेश सिंह कोतवाली पहुंचे। उन्होंने युवकों से सिमों के संबंध में पूछताछ की।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। युवकों के पास से मोबाइल, सिम व आधार कार्ड बरामद हुए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।