क्षेत्र के गंाव तिलकसराय में कटिया डालते समय 11
हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। इससे 40 उपभोक्ताओं के
घरों में लगे बिजली उपकरण फुंक गए। वहीं कई मवेशी करंट की चपेट में आकर
झुलस गए।
इस मामले में दो युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष
और बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया है। मिली जानकारी
के अनुसार, गांव तिलकसराय निवासी अजय कुमार, छेदालाल ने गांव के ही दो
लोगों के खिलाफ थाने में दी तहरीर में कहा कि उक्त लोग शुक्रवार की देर रात
कटिया डालने का प्रयास किया।
इस दौरान हाईटेंशन लाइन के तार एलटी लाइन में
छू गए। इससे वोल्टेज एकाएक बढ़ गया। इस कारण घरों को जाने वाले केबिलें जल
गईं। उपभोक्ता भारत सिंह, रामू, अजय, आनंद, अभिषेक, पवन, रामप्रसाद राठौर
समेत 40 लोगों के घरों में लगे बिजली बोर्ड जल गए।
इसके अलावा
स्टेपलाइजर, टीवी, पंखा, बल्ब और सीएफएल आदि विद्युत उपकरण भी फुंककर नष्ट
हो गए। वहीं घरों से बाहर केबिल टूटकर गिरने से ग्रामीणों की नौ भैंसें भी
करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। इससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। आननफानन
में बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। जब लोग घरों से बाहर निकले तो उन्हें उक्त
लोगों की करतूत के बारे में पता चला। थाने के मुंशी ने बताया कि
प्रार्थनापत्र मिल गया है। आरोपों की जांच कराई जा रही है।