कन्नौज। जिले में कोरोना संक्रमिताें की संख्या फिर से बढ़ने लगी है। बुधवार को जिले में नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में जिला अस्पताल में तैनात एक हड्डी रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं।
बुधवार को जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे स्वास्थ्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने जिला अस्पताल परिसर को सैनिटाइज कराया। इसके अलावा जिले में आठ अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या 3201 हो गई है। इलाज के बाद 3082 लोग ठीक हो चुके हैं। मौजूदा समय 76 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बुधवार को 10 लोगों को छुट्टी दे दी गई। वहीं कोरोना से अबतक जिले में 43 लोगों की मौत हो चुकी है।