हाजिरी रजिस्टर चेक करते सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के हाजिरी रजिस्टर पर स्टाफ नर्स के हस्ताक्षर न देख सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को दो-दो कंबल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप ने वार्ड का निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कड़ाके की सर्दी में एक मरीज को हल्का कंबल ओढ़े देख उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजहर सिद्दीकी को प्रत्येक मरीज के लिए दो कंबलों की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। इससे पहले सीएमओ ने हाजिरी रजिस्टर देखा। इस पर स्टाफ नर्स ज्योति सिंह के हस्ताक्षर नहीं थे। वह मौके पर मौजूद थीं। नर्स की लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
इसके बाद सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी की ओर से तैयार किए किए हर्बल गार्डन का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉ. अजहर सिद्दीकी के प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ आर चंद्रा सहित सभी चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की जानी हकीकत
50 शय्या महिला अस्पताल में चल रहे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की हकीकत जानने पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप व एसीएमओ डॉ. आर चंद्रा ने गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए। डॉ. प्रीती शाक्य व प्रतीक्षा पाल से गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मोहल्ला आंबेडकर नगर में पहुंचकर मिशन इंद्रधनुष के तहत चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम की भी जानकारी की।